Maharajganj Times

सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर: त्रिलोकपुर में 40 डिसमिल खलिहान की भूमि कब्जामुक्त

Maharajganj
Tuesday, 28 Jul, 2026
0
292

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में नौतनवा तहसील क्षेत्र के सोनौली नगर पंचायत अंतर्गत त्रिलोकपुर में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 डिसमिल सरकारी खलिहान की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। प्रशासन के अनुसार, सरकारी खलिहान की जमीन पर लंबे समय से कुछ लोगों ने कच्चे मकान और बाउंड्री वॉल बनाकर अवैध कब्जा कर रखा था। कब्जाधारियों को कई बार नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का मौका दिया गया, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया और पूरी 40 डिसमिल सरकारी भूमि को कब्जामुक्त करा लिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित लोगों को नियमानुसार कई बार नोटिस देकर सरकारी भूमि खाली करने का अवसर दिया गया था। आदेशों की अनदेखी करने पर नियमानुसार बुलडोजर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि भविष्य में सरकारी भूमि पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेशभर में चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत महराजगंज प्रशासन की यह कार्रवाई सरकारी संपत्तियों को कब्जामुक्त कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।